डुमरियागंज तहसील समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, DM-SSP रहे मौजूद
संवाददाता किंकर यादव .सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील परिसर में आयोजित तहसील समाधान दिवस में जनसमस्याओं को लेकर फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जी.एन. तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की मौजूदगी में आम जनता की शिकायतें सुनी गईं और संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस एवं विद्युत विभाग से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए, जिससे फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को लेकर जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जी.एन. ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनपद में जितनी भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है, उसे 15 दिनों के भीतर हर हाल में कब्जा मुक्त कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस से संबंधित प्रकरणों में निष्पक्ष, त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रियता से फरियादियों में प्रशासन के प्रति भरोसा देखने को मिला।
ये भी पढ़ें जनपद एटा में सील किया गया ईंट भट्टा दो दिन बाद मिला चालू, प्रशासन ने फिर कराई सख्त कार्रवाई












