एटा। थाना कोतवाली देहात की साइबर क्राइम टीम द्वारा तत्परता एवं कुशल कार्यवाही करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ित को राहत दिलाई गई है।
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा: ठगों द्वारा झांसे में लेकर पीड़ित के खाते से ट्रांसफर कराए गए 15,000 रुपये में से 14,500 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के कुशल नेतृत्व में जनपद में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के एक आवेदक द्वारा दिनांक 11.11.2025 को प्रार्थना पत्र के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा झांसे में लेकर उसके खाते से धनराशि ट्रांसफर करवा ली गई है।
शिकायत प्राप्त होने पर अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा द्वारा तत्काल थाना कोतवाली देहात साइबर क्राइम टीम को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर पीड़ित को यथासंभव सहायता प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया। साइबर क्राइम टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर जिस खाते में धनराशि ट्रांसफर हुई थी, उसे फ्रीज कराया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत पीड़ित के खाते से ट्रांसफर की गई धनराशि में से 14,500 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए।
अपनी धनराशि वापस प्राप्त होने पर पीड़ित द्वारा एटा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए साइबर क्राइम टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
थाना कोतवाली देहात साइबर क्राइम टीम, जनपद एटा—
- उ0नि0 श्री संदीप राणा
- का0 सूरज कुमार












