एटा में कांवड़ियों के जत्थे को ऑटो ने मारी टक्कर, चार घायल, तीन की हालत गंभीर
संवादाता अमन अहमद: एटा जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ऑटो ने कांवड़ियों के जत्थे को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चार कांवड़िए घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
बताया गया कि सभी कांवड़िए उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सोरो गंगा से जल भरकर मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित शिव मंदिर जा रहे थे। हादसे की खबर से श्रद्धालुओं में रोष है। फिलहाल पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है। सावन माह में बढ़ रही कांवड़ यात्रियों की संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़ें एटा मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा: डॉ. अंकिता शर्मा ने सीएम से की शिकायत












