बेटी का रिश्ता देखकर लौट रहे पिता-पुत्र को वाहन ने मारी टक्कर
संवाददाता मुकेश कुमार
पिता की मौत – बेटा गंभीर घायल
एटा।
जिले के रिजोर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों बाइक से बेटी का रिश्ता देखकर शिकोहाबाद से लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, जार थाना रिजोर निवासी राम प्रकाश (62 वर्ष) पुत्र पीतांबर सिंह अपने बेटे प्रदीप (22 वर्ष) के साथ बाइक से शिकोहाबाद गए थे। लौटते समय बाकलपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज एटा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान राम प्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटे प्रदीप का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रिजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक के बेटे प्रदीप ने बताया कि उनके पिता बाइक पर पीछे बैठे थे और अचानक पीछे से आए वाहन ने टक्कर मार दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।












