किशनी सीएचसी परिसर में खड़ी निष्प्रयोज्य 102 एम्बुलेंस में लगी आग, मची अफरा-तफरी
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे किशनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में खड़ी निष्प्रयोज्य चार 102 एम्बुलेंस में से एक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास दहशत का माहौल बन गया।
आग लगते ही मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन शुरुआती कोशिशों में सफलता नहीं मिल सकी। सीएचसी परिसर हाइवे से सटा होने के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों के आवास भी पास में होने के कारण कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके के लिए रवाना हुई। करीब पांच मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान एसआई मनीषा चौधरी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं।
आग बुझाने में जुटे एम्बुलेंस के ईएमटी धर्म सिंह ने बताया कि परिसर में खड़ी एम्बुलेंस लंबे समय से निष्प्रयोज्य अवस्था में थीं। आशंका है कि किसी बच्चे ने पास की झाड़ियों में आग लगा दी, जो फैलते हुए एम्बुलेंस तक पहुंच गई। फायर कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, हालांकि एक एम्बुलेंस पूरी तरह जलकर राख हो गई। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय भदौरिया ने बताया कि परिसर में चार निष्प्रयोज्य एम्बुलेंस खड़ी थीं, जिनमें से एक में आग लगी थी। आग पर काबू पा लिया गया है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।












