अलीगढ़ में अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश, दो होटलों पर छापा—7 युवतियों समेत 15 गिरफ्तार

जनपद अलीगढ़ में अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश, दो होटलों पर छापा—7 युवतियों समेत 15 गिरफ्तार

मंडल संवाददाता अमित चौहान 

अलीगढ़। शहर के दो होटलों में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का थाना बन्नादेवी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। चौहान कॉम्प्लेक्स स्थित स्काईवे होटल और मैराकी होटल पर एक साथ की गई छापेमारी में पुलिस ने सात युवतियों सहित कुल 15 लोगों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कमरों से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों होटलों में देह व्यापार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। छापेमारी के वक्त होटल के अलग-अलग कमरों में 7 युवतियां और 8 युवक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए, जिन्हें मौके से हिरासत में ले लिया गया।

बरामदगी का ब्यौरा:

छापे के दौरान पुलिस ने दोनों होटलों से 58,070 रुपये नकद, 17 मोबाइल फोन, दो आगंतुक रजिस्टर, पांच एटीएम कार्ड, एक क्यूआर कोड स्कैनर, एक स्वैप मशीन, 35 विजिटिंग कार्ड, तीन प्रेस आईडी कार्ड, दो आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक कार (ह्युंडई वर्ना) और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त प्रेस आईडी कार्ड, क्यूआर स्कैनर और स्वैप मशीन की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नेटवर्क किस तरह संचालित किया जा रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।

पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई गई है.

ये भी पढ़ें विषय जिला न्यायालय परिसर में गूंजे लोहड़ी के गीत। न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने मिलकर मनाया उत्सव।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें