एटा में स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग, 4 वाहन सीज, 90 हजार का जुर्माना
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देश पर जनपद में स्कूली वाहनों से आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उप संभागीय परिवहन अधिकारी सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में स्कूली बसों और अन्य वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। अभियान में नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर 4 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया, वहीं कुल 90 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। उप संभागीय परिवहन अधिकारी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी वाहन संचालक यातायात नियमों का उल्लंघन कर छात्रों की जान जोखिम में डालते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों और वाहन संचालकों से अपील करते हुए कहा कि स्कूली वाहनों का संचालन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें और निर्धारित यातायात नियमों तथा गति सीमा का पालन करें, ताकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।












