हेड कांस्टेबल के घर 52 लाख की चोरी, गेट तोड़कर ले गए जेवर और नकदी
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा। शहर के प्रकाश नगर क्षेत्र में चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने हेड कांस्टेबल के घर का गेट तोड़कर अंदर घुसकर करीब 52 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल किसी काम से बाहर गए हुए थे और मकान बंद पड़ा था। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर का ताला और गेट तोड़ दिया। घर के अंदर रखे अलमारी और बक्सों को खंगाल कर कीमती जेवरात और लगभग 1.75 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सुबह जब आसपास के लोगों और किरायेदार को गेट टूटा हुआ दिखाई दिया तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।












