मानवीयता की मिसाल बनीं अलीगढ़ मण्डलायुक्त IAS संगीता सिंह
दुर्घटनाग्रस्त प्लाटून कमांडर को दी व्हीलचेयर व वॉकर, बेहतर इलाज के निर्देश
मंडल ब्यूरो अमित चौहान अलीगढ़। प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ मानवीय मूल्यों की ऊँचाई को दर्शाते हुए अलीगढ़ मण्डल की कमिश्नर IAS संगीता सिंह ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए कमिश्नरी कार्यालय के वरिष्ठ होमगार्ड व प्लाटून कमांडर सतेन्द्र पाल सिंह की मदद की।
सतेन्द्र पाल सिंह तीन माह पूर्व एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे, जिससे उनके पैरों में गहरी चोटें आईं। सर्जरी के बाद भी उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। इस कठिन परिस्थिति में कमिश्नर संगीता सिंह ने न केवल उनके स्वास्थ्य का व्यक्तिगत संज्ञान लिया, बल्कि सहानुभूति दिखाते हुए उन्हें व्हीलचेयर और वॉकर भेंट किए।
श्रीमती सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सतेन्द्र पाल सिंह के समुचित इलाज व देखभाल की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें कार्यालय और घर दोनों जगह किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कमिश्नर द्वारा प्रदर्शित इस सहृदयता और करुणा की कमिश्नरी कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में सराहना की। सभी ने कहा कि श्रीमती संगीता सिंह न केवल एक कर्तव्यनिष्ठ प्रशासक हैं, बल्कि एक संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण व्यक्तित्व की भी प्रतीक हैं, जो अपने अधीनस्थों की समस्याओं को समझने और समाधान करने में सदैव अग्रणी रहती हैं।
इस प्रेरणास्पद पहल के लिए मण्डल भर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मण्डलायुक्त का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें उन्नाव के पॉश इलाके में दिनदहाड़े लूट, बुजुर्ग महिला और नौकरानी को धमकाया












