नोएडा: वाहन व मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी अभिरक्षा में
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 3 मोटरसाइकिलें, 3 मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा तथा 3 अवैध चाकू बरामद किए हैं।पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई की जानकारी एडीसीपी नोएडा ने दी। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कैलाश कट, सेक्टर-27 क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित तरीके से वाहन और मोबाइल फोन चोरी करते थे। गिरोह पहले रैकी करता था और फिर मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें मोबाइल स्नैचिंग तथा चोरी की अन्य घटनाओं में इस्तेमाल करता था। आरोपियों की गतिविधियां मुख्य रूप से नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में संचालित थीं।बरामदगी में चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, तीन मोबाइल फोन, एक .315 बोर का अवैध तमंचा तथा तीन अवैध चाकू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कई सदस्य पहले भी वाहन चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा बरामद वाहनों और मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।












