एटा में दो बाइकों की टक्कर में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, तीन घायल: कांवड़ सुरक्षा में तैनात पुलिस ने निभाई सक्रिय भूमिका
संवादाता अमन अहमद: एटा। मिरह्ची थाना क्षेत्र के सिरसा टिप्पू गांव के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के समय कांवड़ियों की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी घटनास्थल पर तत्काल पहुंचे और घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया।
हादसे में मृतक की पहचान राजवीर पुत्र अबलेश (निवासी मिरह्ची) के रूप में हुई है, जो अपने साथी रामनिवास पुत्र नत्थू के साथ मिरह्ची बाजार जा रहे थे। इसी दौरान एटा की तरफ से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल, जिस पर सुखबीर पुत्र महेंद्र (निवासी सेवापुर, जसराना) सवार था, उनकी बाइक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें अवनीश और योगेंद्र को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राजवीर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रभारी मिरह्ची ओ. पी. सिंह ने बताया कि यह टक्कर सामने से आ रही बुलेट बाइक के कारण हुई। मृतक के घर में सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें एटा: जर्जर स्कूल भवन बना बच्चों की जान का दुश्मन, जिम्मेदार बने मूकदर्शक












