“ग्राम ठेलिया में सुशासन तिहार की तैयारी तेज: ग्रामीणों ने मंत्री को दिया आमंत्रण, जनसमस्या समाधान शिविर को लेकर बढ़ी उम्मीदें”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा :- ग्राम पंचायत ठेलिया में आगामी 13 मई 2026 को आयोजित होने वाले “सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ग्राम ठेलिया के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय मंत्री महोदय से उनके निज निवास ग्राम कुर्रा पहुंचकर सौजन्य मुलाकात की तथा शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण सौंपा। ग्रामीणों ने मंत्री महोदय का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से भी अवगत कराया। इस दौरान गांव में सड़क, पेयजल, बिजली, राशन, आवास और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सुशासन तिहार के माध्यम से लंबे समय से लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। मंत्री महोदय ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है और सुशासन तिहार इसी उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदन और शिकायत का गंभीरता से निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों में शिविर को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस आयोजन से क्षेत्र की कई मूलभूत समस्याओं के समाधान का रास्ता खुलेगा और शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।












