प्रधानाचार्य कक्ष, स्टाफ कक्ष, संगीत कक्ष एवं टीन शेड का हुआ लोकार्पण
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा स्वामी विवेकानन्द शिक्षा प्रसार समिति, एटा द्वारा संचालित सेठ दीनानाथ किरण गुलाब देवी केशव सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर, भारती नगर, एटा में गुरुवार को प्रधानाचार्य कक्ष, स्टाफ कक्ष, संगीत कक्ष एवं टीन शेड का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्या भारती पश्चिमी उत्तर प्रदेश के द्वितीय संगठन मंत्री श्री डोमेश्वर जी साहू ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ नवीन कक्षों एवं टीन शेड का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय की मजबूत आधारभूत संरचना विद्यार्थियों के शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के भाव का भी विकास करते हैं।
समारोह में प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर सिंह चाहर, जिला समन्वयक श्री सुरेन्द्र कुमार गोला, मातृसंस्था एटा एवं विद्यालय प्रबंध समिति के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर नई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य-आचार्याओं, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि नवीन सुविधाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा और विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
ये भी पढ़ें निजी कारणों से अनूज प्रताप सिंह चौहान ने सभी सामाजिक पदों से दिया इस्तीफा, समाजसेवा जारी रखने का किया संकल्प












