अलीगंज में युवक की संदिग्ध मौत: फांसी पर लटका मिला शव, माता-पिता ने भी की थी आत्महत्या; बहन अकेली बची,
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। अलीगंज थाना क्षेत्र के मैनपुरी रोड स्थित एक मकान में शुक्रवार को 18 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान दीपक यादव पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम गलारपुर, थाना अलीगंज के रूप में हुई है। दीपक बीएससी का छात्र था। परिजनों के अनुसार दीपक के लिए उसके चाचा सुशांत ने कपड़े की दुकान खुलवाई थी। बताया गया कि दीपक के माता-पिता ने भी पूर्व में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद परिवार में अब केवल उसकी बहन आकांक्षा ही बची है। गांव के बुजुर्ग सुरेंद्र सिंह ने दीपक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही कुछ लोग दीपक की दुकान पर आकर उससे मारपीट कर चुके थे। वहीं दीपावली के दिन दीपक का अपनी सौतेली मां रीति से मोटरसाइकिल बेचने को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी जानकारी पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। सुरेंद्र सिंह के अनुसार, दीपक की मौत की खबर मिलने के बाद भी उसकी सौतेली मां मौके पर नहीं पहुंची।
थाना अलीगंज प्रभारी निरीक्षक निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पड़ताल जारी है और युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।












