एटा में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

एटा में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

संवाददाता योगेन्द्र सिंह  एटा: खाद की किल्लत और कथित कालाबाजारी से परेशान किसानों ने गुरुवार को अखिल भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले एटा कचहरी स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ ही विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद किसानों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन अपर उप जिलाधिकारी एटा को सौंपा।

किसानों ने आरोप लगाया कि खाद की भारी किल्लत के बीच किसानों को ब्लैक में खाद बेची जा रही है। इससे किसान परेशान हैं और उन्हें निर्धारित कीमत से अधिक धनराशि देकर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों ने खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने तथा सभी किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में नेशनल हाईवे स्थित गांव कंगरोल पर तत्काल कट बनवाने की मांग भी की गई। किसानों ने बताया कि गांव में हजारों की आबादी रहती है। इसके अलावा इंटर कॉलेज में आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी हाईवे पार करने में परेशानी होती है। ग्रामीणों और विद्यार्थियों की सुविधा तथा आवागमन को देखते हुए हाईवे पर कट बनाया जाना आवश्यक है।

मलावन क्षेत्र के नगला मोती गांव में विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग भी किसानों ने प्रमुखता से उठाई। किसानों का कहना है कि गांव में विद्युत लाइन खिंची हुई है, लेकिन आजादी के बाद से अब तक विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने गांव में तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की।

किसानों ने उर्वरक केंद्रों पर फार्मर आईडी की व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि किसान को खाद उपलब्ध कराने के बाद उसकी एंट्री फार्मर आईडी में कर आईडी तत्काल वापस की जानी चाहिए। इससे किसान आवश्यकता पड़ने पर दोबारा खाद ले सकेगा। साथ ही एक ही आईडी पर अनधिकृत तरीके से खाद की बिक्री कर कालाबाजारी करने वालों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

इसके अलावा जनसेवा केंद्रों पर आय, जाति और मूल निवास प्रमाण पत्र आदि के आवेदन के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूले जाने का आरोप लगाया गया। किसानों ने अधिक शुल्क वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि अतिरिक्त शुल्क वसूली से गरीब मजदूरों, किसानों और नौजवानों का आर्थिक शोषण हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी, राष्ट्रीय महासचिव तेज सिंह वर्मा, सुरेंद्र शास्त्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता ठाकुर अनिल कुमार सोलंकी, मंडल प्रभारी जदुवीर सिंह, जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य, सौरभ यादव, राम प्रकाश आर्य, राकेश कुमार, हरबंस सिंह राजपूत, सतपाल सिंह जाटव, सुखदेव सिंह, सुधीर कुमार यादव, पुष्पेंद्र कुमार, धर्मेंद्र सिंह यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ 12 सितंबर को जिला न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें