जन्माष्टमी पर मनगढ़ में सुरक्षा का कड़ा पहरा, भीड़ से लेकर पार्किंग तक पुख्ता इंतजाम—पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
भक्ति धाम में अधिकारियों ने की बैठक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग व प्रवेश-निकास व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
प्रतापगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस ने मनगढ़ स्थित जगद्गुरु कृपालु धाम (भक्ति धाम) में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय ने क्षेत्राधिकारी कुंड शिवनारायण वैस, क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी एवं क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप के साथ ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की।
बैठक में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में बैरियरिंग और डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रखी जाए। मंदिर परिसर में संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ पुलिसकर्मी विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें।
पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस
जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराया जाए, जिससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन एवं बैरियरिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर मौके की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जन्माष्टमी पर्व को लेकर पुलिस की तैयारियों से साफ है कि मनगढ़ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस रहेगा।
ये भी पढ़ें प्रयागराज: डिजिटल क्रिएटर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, तीन दोस्तों ने गोली मारकर घोंटा गला











