प्रयागराज: डिजिटल क्रिएटर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, तीन दोस्तों ने गोली मारकर घोंटा गला

प्रयागराज: डिजिटल क्रिएटर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, तीन दोस्तों ने गोली मारकर घोंटा गला

प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र में डिजिटल क्रिएटर आलोक गुप्ता की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 27 वर्षीय आलोक की उसके ही परिचित तीन युवकों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को एक बड़े बैग में रखकर मध्य प्रदेश के रीवा जिले की सोहागी पहाड़ी पर ले जाकर फेंक दिया गया।

पुलिस ने अंबर अपार्टमेंट के CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सर्विलांस की मदद से मामले की जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी शुभम तिवारी के साथ शुभम यादव और अंकुश यादव शामिल हैं।

10 अगस्त की रात से गायब था आलोक

आलोक गुप्ता मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र का रहने वाला था। वह धूमनगंज के अंबर अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रहकर डिजिटल कंटेंट बनाने और वेडिंग फोटोग्राफी का काम करता था। 10 अगस्त की रात के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार से संपर्क नहीं हो सका। फ्लैट पर ताला मिलने के बाद परिजनों ने तलाश शुरू की। 22 अगस्त को धूमनगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

CCTV फुटेज से सामने आई अहम कड़ी

जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में 10 अगस्त की रात करीब 10 बजे तीन युवक आलोक के फ्लैट से एक भारी बैग बाहर ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद बैग को सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार में रखा गया और तीनों वहां से निकल गए।

सर्विलांस और CDR की जांच के दौरान पुलिस को संदिग्धों तक पहुंचने वाली अहम जानकारी मिली। पूछताछ में मुख्य आरोपी शुभम तिवारी से पुलिस को वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले।

25 हजार रुपये को लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक, शुभम ने आलोक से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम वापस करने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के अलावा आलोक के महंगे कैमरे और अन्य गैजेट्स हासिल करने की नीयत से आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई।

गोली मारने के बाद गला दबाकर हत्या

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात तीनों आरोपी आलोक के फ्लैट में पहुंचे। वहां विवाद के दौरान शुभम ने तमंचे से गोली चला दी, जो आलोक के कंधे में लगी। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने उसे बैग में रखा और स्विफ्ट कार से मध्य प्रदेश के रीवा जिले की सोहागी पहाड़ी ले गए। वहां शव को खाई में फेंक दिया गया।

सोहागी पहाड़ी पर मिला था अज्ञात शव

आरोपियों से मिली जानकारी के बाद प्रयागराज पुलिस ने रीवा पुलिस से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि 14 अगस्त को सोहागी पहाड़ी से एक बैग में अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम के बाद शव को दफना दिया गया था।

बाद में परिजनों ने कपड़ों और तस्वीरों के आधार पर शव की पहचान आलोक गुप्ता के रूप में की।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

डीसीपी सिटी सागर जैन के अनुसार, मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, वारदात में इस्तेमाल सामान और आरोपियों के अन्य संभावित संपर्कों की जांच कर रही है। आलोक की महिला मित्र से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ से सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें