प्रतापगढ़ धुंआधार बिजली कटौती पर अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर हुए पूर्व विधायक

प्रतापगढ़ धुंआधार बिजली कटौती पर अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर हुए पूर्व विधायक

संवाददाता विनय कुमार मिश्र प्रतापगढ़।  रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती और अनियमित आपूर्ति को लेकर निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने मोर्चा खोल दिया है। अपनी ही पार्टी की सरकार में बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। साथ ही मामले को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के प्रबंध निदेशक के संज्ञान में लाकर प्रभावी कार्रवाई कराने का आग्रह किया है।

 

धीरज ओझा ने कहा कि क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल होने से आम उपभोक्ताओं के साथ किसान, व्यापारी और विद्यार्थी भी परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच अनियमित विद्युत आपूर्ति ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश हैं, तो लगातार अघोषित कटौती क्यों की जा रही है।

 

रोस्टर के मुताबिक मिले बिजली, तकनीकी खामियों का हो स्थायी समाधान

ज्ञापन में रानीगंज क्षेत्र में हो रही अघोषित एवं अनावश्यक बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने, निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और बार-बार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई है। इसके अलावा संबंधित विद्युत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई गई।

 

निवर्तमान विधायक ने कहा कि रानीगंज की जनता की समस्याओं को लेकर वह गंभीर हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के सामने मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने जिलाधिकारी और UPPCL के उच्चाधिकारियों से बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार कर जनता को निर्बाध, पर्याप्त और नियमित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि जब बिजली कटौती की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं तो जिम्मेदार विद्युत अधिकारी व्यवस्था को पटरी पर लाने में अब तक क्यों नाकाम रहे। रानीगंज की जनता अब आश्वासन नहीं, बल्कि नियमित बिजली आपूर्ति और अघोषित कटौती से स्थायी निजात चाहती है।

ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी दीपक भूकर ने की अपराध गोष्ठी, दिए सख्त निर्देश

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें