प्रतापगढ़ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, सीओ यातायात ने दिए सख्त निर्देश
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह ने यातायात पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ तथा प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीओ यातायात ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचकर पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। मंदिरों, बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए यातायात का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने, नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े न होने देने और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भीड़ बढ़ने पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने को भी कहा गया।
सीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एंबुलेंस, फायर सर्विस और पुलिस सहित आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए। यातायात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, तीन सवारी, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के साथ श्रद्धालुओं को सुगम एवं जाममुक्त यातायात उपलब्ध कराना यातायात पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
ये भी पढ़ें एटा में सवर्ण समाज का कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन











