प्रयागराज: मां गंगा ने कराया बड़े हनुमान जी महाराज का स्नान, तड़के 3:45 बजे मंदिर में पहुंचा पवित्र जल
प्रयागराज, 30 अगस्त। तीर्थराज प्रयागराज के संगम तट पर रविवार तड़के आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बढ़ते गंगा जलस्तर के बीच संगम स्थित प्रसिद्ध लेटे बड़े हनुमान जी महाराज के मंदिर के गर्भगृह तक मां गंगा का पवित्र जल पहुंच गया। करीब 3:45 बजे गंगा का जल हनुमान जी की प्रतिमा तक पहुंचने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और संतों ने पूजा-अर्चना एवं आरती की।
मां गंगा के जल के मंदिर में पहुंचते ही संगम क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने इसे आस्था का विशेष और मंगलकारी अवसर बताया। पुजारियों एवं स्थानीय लोगों ने मां गंगा और बड़े हनुमान जी महाराज की पूजा कर आरती की।
दरअसल, प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के बीच पहले से ही बड़े हनुमान मंदिर तक पानी पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। अब जलस्तर बढ़ने के साथ गंगा का पानी मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां गंगा द्वारा बड़े हनुमान जी का जलाभिषेक होना अत्यंत शुभ माना जाता है।
हालांकि, गंगा-यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण प्रशासन भी सतर्क है। प्रयागराज के तटीय क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने और नदी के गहरे पानी में न जाने की सलाह दी जा रही है।
संगम तट पर हुए इस पावन दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। भक्तों ने जय श्री राम, जय बड़े हनुमान जी महाराज और हर-हर गंगे के जयकारे लगाए।
विमल कुमार मिश्रा
तहसील संवाददाता, प्रयागराज











