वेदांशी के जन्मदिन पर श्रीराम कथा से गूंजा सनातन जागरण का संदेश
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
हीरागंज में संत-महात्माओं ने दिया आध्यात्मिक ज्ञान, श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान
कुंडा/प्रतापगढ़। नगर पंचायत हीरागंज बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में वेदांशी द्विवेदी के जन्मदिवस पर आयोजित एक दिवसीय श्रीराम कथा एवं सनातन जागरण संवाद में धर्म और अध्यात्म की सरिता बही। संत-महात्माओं के प्रवचनों के बीच श्रद्धालुओं को सत्संग, आत्मज्ञान, सदाचार और सनातन संस्कृति के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में कथा व्यास अतुल ही महाराज, दतिया के राजेश्वर जी महाराज, प्रयागराज के दिनेंद्र जी महाराज और श्रृंगवेरपुर के महेंद्र जी महाराज ने आशीर्वचन प्रदान किए। संतों ने कहा कि सत्संग मनुष्य को आत्मचिंतन की प्रेरणा देने के साथ ही उसके जीवन में सदाचार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है। श्रीराम कथा भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का मार्ग दिखाती है।
संत-महात्माओं ने सनातन मूल्यों को आत्मसात करने और समाज में धार्मिक एवं नैतिक चेतना को मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रवचन सुने।
इस अवसर पर राम प्रताप द्विवेदी, श्रीकृष्ण द्विवेदी, रामचंद्र त्रिपाठी, अभय द्विवेदी, भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह (पप्पन) पत्रकार विश्व दीपक त्रिपाठी, संजय शुक्ला, लोकेश त्रिपाठी, काशी राणा यादव, कुमुद मिश्रा, भैयालाल यादव, कमलाकांत, किरन द्विवेदी, शशिलता, अशोक पांडेय, सत्येंद्र कुमार और देवी प्रसाद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।











