ऊँचाहार में बदहाल हुई स्टेशन रोड, थोड़ी बारिश में ही तालाब बनी सड़क, हादसों के शिकार हो रहे राहगीर
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊँचाहार (रायबरेली)। ऊँचाहार में स्टेशन रोड से लेकर राजमार्ग को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग इस कदर जर्जर हो चुके हैं कि राहगीरों का चलना दुश्वार हो गया है। बस स्टैंड से स्टेशन जाने वाली सड़क पर थोड़ी सी बारिश होते ही जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
वर्षों से नहीं बनी सड़क, अतिक्रमण ने समेटा दायरा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऊँचाहार स्टेशन रोड पिछले कई वर्षों से नहीं बनी है। कभी 30 फीट चौड़ी रहने वाली यह सड़क स्थानीय नेताओं की उपेक्षा और अतिक्रमण की कृपा से सिमटकर महज 10 से 12 फीट ही बची है। ट्रेन पकड़ने की जल्दीबाज़ी में रोज़ाना यात्री इन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों को इसकी कोई फ़िक्र नहीं है।
वही स्टेशन जाने वाली दूसरी रोड की बदहाली बहा रही आंसू लोहे की सरिया और जानलेवा गड्ढे, वकील भी हुए शिकार
यही हाल सलोन राजमार्ग से अलीगंज होकर स्टेशन जाने वाली दूसरी सड़क का भी है। कई सालों से बदहाल इस रास्ते की इंटरलॉकिंग उखड़ चुकी है और बाहर निकली लोहे की सरिया राहगीरों के लिए काल बनी हुई हैं। हाल ही में दो अधिवक्ता सड़क के जानलेवा गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में कराना पड़ा।
कब मिलेगी राहत?
अत्यंत जर्जर हो चुकी इन सड़कों को लेकर स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और रोजाना सफ़र करने वाले यात्रियों में भारी आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इन मुख्य मार्गों का जल्द से जल्द चौड़ीकरण और पक्की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को इस जानलेवा समस्या से राहत मिल सके।












