तेज रफ्तार का कहर ट्रैक्टर–बाइक भिड़ंत में पिता की मौत, पुत्री गंभीर घायल

तेज रफ्तार का कहर ट्रैक्टर–बाइक भिड़ंत में पिता की मौत, पुत्री गंभीर घायल

जिला संवाददाता काव्यांश रावत जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ट्रैक्टर और बाइक की भीषण टक्कर में बाइक सवार पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी मासूम पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सतेंद्र पुत्र राजेश, निवासी ग्राम निगोह हसनपुर, थाना मलावन के रूप में हुई है। सतेंद्र अपनी पुत्री हिमांशी को आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए बाइक से लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबारी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि सतेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्री हिमांशी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की सहायता से घायल बच्ची को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर व्याप्त है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की जरूरत को फिर से उजागर कर रही हैं।

ये भी पढ़ें ब्रेकविहीन साइकिल की टक्कर से बुजुर्ग महिला गंभीर घायल, अलीगढ़ रेफर

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें