प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में छात्र की मौत पर ABVP ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
छात्रावास में मिला था MBBS छात्र मिथिलेश कुमार का शव, विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई आवाज
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। डॉ. सोनेलाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, प्रतापगढ़ में MBBS 2024 बैच के छात्र मिथिलेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के जिला कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर और छात्रावास में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
बलिया निवासी छात्र मिथिलेश कुमार का शव रविवार सुबह छात्रावास के नीचे मिलने से मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रकरण के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कराने और जिम्मेदार तथ्यों को सामने लाने की मांग उठाई।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। कार्यकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से मामले में उचित कार्रवाई करने तथा छात्रावास और कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।











