मां भद्रकाली मंदिर से मुकुट-आभूषण चोरी करने वाले परिवार का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कैंची से काटकर मुकुट बेचने की थी तैयारी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और बाइक बरामद
प्रतापगढ़। जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में मंदिरों से मुकुट और आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला, उसके पति और दो बेटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मुकुट, मंदिरों के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, कैंची और बाइक बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी के सामान को बेचने की तैयारी में थे। मामले में प्रतापगढ़ और रायबरेली के अन्य मंदिरों में हुई चोरियों की भी जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सरैया नौढिया निवासी किरण देवी, उसके पति गिरीश कुमार और बेटों रोहित कुमार व लवकुश को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मंदिरों से मुकुट और आभूषण चोरी करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक कांटे से उनका वजन करते थे। बरामद मुकुटों में एक मुकुट कैंची से काटा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के आभूषण कहां और किसे बेचे जाने थे।
भद्रकाली धाम और हनुमान मंदिर में चोरी के बाद सक्रिय हुई पुलिस
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के भद्रकाली धाम में मां की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट 25 अक्टूबर को चोरी हुआ था। इसके अलावा सराय नैन कुंवर स्थित हनुमान मंदिर से भी मुकुट चोरी होने की घटना सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज की और कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने प्रतापगढ़ और रायबरेली के कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस बरामद सामान का मिलान कर अन्य घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
रायबरेली के पुराने मामले की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, किरण देवी और उसके बेटे रोहित का नाम रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र स्थित एक मंदिर से मुकुट चोरी के पुराने मामले में भी सामने आया था। पुलिस पुराने मामले और मौजूदा बरामदगी के बीच संबंध की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवशरण यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए भी जांच कर रही है।











