प्रतापगढ़।पुरुषोत्तम मास के तीसरे सोमवार पर बेलखरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
पुरुषोत्तम मास (मलमास) के तीसरे सोमवार को प्रतापगढ़ के प्रसिद्ध एवं पौराणिक शिवधाम बेलखरनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही श्रद्धालु हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए धाम पहुंच रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार पुरुषोत्तम मास में भगवान भोलेनाथ को जल, बिल्व पत्र, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते दूर-दूर से श्रद्धालु धाम पहुंचकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सई नदी के तट पर स्थित इस ऐतिहासिक शिवधाम में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम भी लगातार जारी है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां श्रद्धापूर्वक दर्शन और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।












