बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता पर जानलेवा हमला, छत से नीचे फेंकने का आरोप; एक आरोपी गिरफ्तार
बेगूसराय (बिहार)। बिहार के बेगूसराय में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में न्याय की लड़ाई लड़ रही एक महिला पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे आरोपियों के सहयोगियों ने महिला को घर की छत से नीचे फेंक दिया। करीब 12 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
चार महीने पहले हुई थी सामूहिक दुष्कर्म की घटना
जानकारी के मुताबिक, चकिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला के साथ बीते 11 जून को कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद से ही आरोपियों के सहयोगी लगातार मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे थे। परिवार को कई बार धमकियां भी दी गई थीं।
देर रात घर पहुंचे हमलावर, छत से फेंकने का आरोप
पीड़िता के पति के मुताबिक, घटना की रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले परिवार के एक सदस्य के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसी दौरान आवाज सुनकर महिला दरवाजा खोलने पहुंची तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जबरन छत पर ले गए।
परिजनों का आरोप है कि छत पर महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसे करीब 12 फीट नीचे फेंक दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुराने मामले के आरोपियों के सहयोगियों पर आरोप
पीड़िता के पति ने आरोप लगाया कि जून में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले के आरोपियों के सहयोगियों ने ही इस हमले को अंजाम दिया है। परिवार का कहना है कि मुकदमा वापस लेने से इनकार करने पर महिला को निशाना बनाया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
डीएसपी निखिल कुमार के मुताबिक, पीड़िता के बयान के आधार पर एक नामजद और एक अन्य आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि रात करीब 12 बजे झांसा देकर घर का गेट खुलवाया गया और इसके बाद दो लोग उसे छत पर ले जाकर नीचे धक्का दे दिया। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।











