लखनऊ में पटाखों के धुएं ने बिगाड़ी हवा की सेहत, AQI 245 तक पहुंचा; सांस के मरीजों की बढ़ी परेशानी
लखनऊ। दीपावली पर जमकर हुई आतिशबाजी का असर अब राजधानी की हवा पर दिखाई देने लगा है। पटाखों के धुएं से लखनऊ की वायु गुणवत्ता बिगड़कर खराब श्रेणी में पहुंच गई। 9 नवंबर को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 245 दर्ज किया गया। आसमान में छाई धुंध के चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर दमा और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की मुश्किलें बढ़ गईं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दीपावली से पहले ही राजधानी की हवा खराब होने लगी थी। 5 नवंबर को AQI 188 था, जो 6 नवंबर को 193, 7 नवंबर को 207 और दीपावली यानी 8 नवंबर को बढ़कर 233 पहुंच गया। इसके बाद 9 नवंबर को यह 245 दर्ज किया गया।
अलीगंज और लालबाग में भी प्रदूषण का स्तर अधिक
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया। केंद्रीय विद्यालय अलीगंज क्षेत्र में AQI 207, लालबाग में 203 और तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में 198 रिकॉर्ड किया गया। वहीं गोमती नगर में 169, कुकरैल पिकनिक स्पॉट पर 132 और बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय क्षेत्र में 117 एक्यूआई दर्ज हुआ।
200 से अधिक AQI स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक
विशेषज्ञों के अनुसार, 201 से 300 के बीच AQI खराब श्रेणी में आता है। इस स्तर की हवा में लंबे समय तक रहने से सांस लेने में परेशानी हो सकती है। वहीं दमा, हृदय रोग और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
हवा चलने से मिली थोड़ी राहत
लगातार बढ़ते प्रदूषण के बीच मंगलवार को हवा चलने से राजधानी के लोगों को कुछ राहत मिली। वातावरण में जमा धुआं और प्रदूषक कण छंटने से AQI घटकर 171 पर आ गया। हालांकि, हवा की गुणवत्ता अभी भी संतोषजनक स्तर पर नहीं पहुंची है।











