मैनपुरी में दबंगई! 30 बीघा सरसों की खड़ी फसल ट्रैक्टर से जोतने का आरोप, डीएम और सांसद से लगाई न्याय की गुहार
संवाददाता पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद में दबंगों द्वारा करीब 30 बीघा सरसों की खड़ी फसल ट्रैक्टर से जोतने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित किसानों ने जमीन पर बोई गई फसल को नष्ट किए जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी एवं सांसद से न्याय की गुहार लगाई है।
मामले में संसारपुर निवासी विनय कुमार समेत कई हिस्सेदारों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है। पीड़ितों के अनुसार, मौजा सिकन्दरपुर स्थित गाटा संख्या 831ग और 831घ की पैतृक जमीन पर उन्होंने सरसों की फसल बोई थी। आरोप है कि 18 नवंबर की रात प्रशांत त्रिपाठी और हरिओम दीक्षित ने ट्रैक्टर से खेत में खड़ी करीब 30 बीघा सरसों की फसल को जोतकर नष्ट कर दिया।
पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया तो आरोपियों की ओर से गोली मारने की धमकी दी गई, जिससे परिवार के लोग भयभीत हैं। उनका आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को कई बार दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।










