सीपीआर देकर यात्री की जान बचाने वाले आरक्षी प्रेमशंकर भारद्वाज सम्मानित
रिपोर्ट जय भगवान बघेल
मथुरा उत्तर प्रदेश
रेलवे स्टेशन परिसर में अचानक अचेत होकर गिरे यात्री को सीपीआर देकर जीवन बचाने वाले जीआरपी आगरा कैंट में तैनात आरक्षी प्रेमशंकर भारद्वाज को पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. ने सम्मानित किया। 27 नवंबर 2026 को जीआरपी मुख्यालय लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को रेलवे स्टेशन परिसर में एक पुरुष यात्री अचानक अचेत होकर गिर पड़ा था। मौके पर मौजूद आरक्षी प्रेमशंकर भारद्वाज ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए यात्री को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। आरक्षी की सूझबूझ, प्रशिक्षण और समय पर की गई कार्रवाई से यात्री की जान बचाने में मदद मिली। आरक्षी के इस सराहनीय कार्य की मौके पर मौजूद यात्रियों एवं आमजन ने जमकर प्रशंसा की। पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. ने उनके मानवीय दृष्टिकोण, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि राजकीय रेलवे पुलिस यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जीवनरक्षक एवं प्रेरणादायी कार्य पुलिस बल के अन्य कर्मचारियों के लिए भी मिसाल हैं। साथ ही आरक्षी प्रेमशंकर भारद्वाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












