जामताली सई नदी पुल से 18 वर्षीय युवती ने लगाई छलांग, मौके पर मौत
दैनिक चक्र डिजिटल, तहसील पट्टी
संवाददाता: विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी कोतवाली क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कठार गांव निवासी राजकुमार पाल की 18 वर्षीय पुत्री अंतिमा ने जामताली स्थित सई नदी पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार अंतिमा मानसिक रूप से कुछ समय से परेशान व क्रोधित चल रही थी। शनिवार सुबह वह घर से निकली और सीधे जामताली पुल पहुंच गई, जहां उसने सई नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया गया।
सूचना पाकर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पट्टी कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण मानसिक तनाव बताया जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












