महेशगंज में थाना प्रभारी भूपेश नाथ सिंह का ताबड़तोड़ एक्शन, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

मुकदमा दर्ज होने के दूसरे ही दिन पुलिस ने आरोपी को दबोचा, नाबालिग के साथ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का है गंभीर आरोप

महेशगंज (प्रतापगढ़)। महेशगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में थाना प्रभारी भूपेश नाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के महज दूसरे ही दिन आरोपी की गिरफ्तारी कर पुलिस ने अपनी सक्रियता दिखाई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस के अनुसार, बलीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने 3 नवंबर 2026 को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पड़ोस में रहने वाला सुनील सरोज पुत्र हरीराम सरोज उनके घर में घुस आया और उनकी नाबालिग पुत्री के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में महेशगंज पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

थाना प्रभारी भूपेश नाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लक्ष्मीगंज तिराहे से बहोरीकपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित ट्यूबवेल के पास घेराबंदी कर आरोपी सुनील सरोज (26) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1), 333, 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने दिया सख्त संदेश

महेशगंज पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपेश नाथ सिंह के साथ उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार यादव, कांस्टेबल विशाल यादव, रामवीर सिंह, रवि यादव, महिला कांस्टेबल शोभा गुप्ता एवं चालक कांस्टेबल सुमित सिंह शामिल रहे।

नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें