ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाली महाराष्ट्र की चार महिला चोर गिरफ्तार, चार मोबाइल बरामद,
मंडल संवाददाता अमित चौहान
ट्रेनों में चोरी करने वाली महाराष्ट्र की चार महिलाएं गिरफ्तार, चार मोबाइल बरामद
फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का जीआरपी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान महाराष्ट्र की चार महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़ी गई महिलाओं में तीन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन के अंतिम छोर पर चार महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में बैठी दिखाई दीं। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली तो उनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में महिलाओं ने अपनी पहचान महाराष्ट्र के वर्धा जनपद के अशोकनगर निवासी शुभांगी शेंडे, विधा लोडे, चांदनी शेंडे और आरती लोडे के रूप में बताई। पुलिस ने यक्ष एप के माध्यम से उनके आपराधिक इतिहास की जांच की तो पता चला कि चार में से तीन महिलाएं पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुकी हैं।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, आरोपी महिलाएं त्योहारों, मेलों और अन्य आयोजनों के दौरान भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाती थीं। मौका मिलते ही यात्रियों के मोबाइल फोन, आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेती थीं। इनके खिलाफ कानपुर के कल्याणपुर, महोबा कोतवाली, जीआरपी बांदा और लखनऊ के चारबाग थाने में भी चोरी सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है।
जीआरपी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।











