दीपावली पर एटा के 1.74 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ

दीपावली पर एटा के 1.74 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। दीपावली के त्योहार पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सरकार ने मुफ्त गैस सिलेंडर की सौगात दी है। जनपद एटा के 1,74,934 उज्ज्वला कनेक्शन धारक परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
मंगलवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री द्वारा योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एटा में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलने के साथ उनका जीवन भी सुविधाजनक हो रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता ने बताया कि जनपद के कुल 1,74,934 उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत वर्ष में दो बार निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में राज्य सरकार की ओर से 653 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 318 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इस प्रकार कुल 971 रुपये की सब्सिडी का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता, खाद्य निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें