तेल पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर मथुरा पुलिस सख्त, तेल चोरों पर लगेगा NSA

तेल पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर मथुरा पुलिस सख्त, तेल चोरों पर लगेगा NSA

19 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने वाली पुलिस टीम सम्मानित, एसएसपी श्लोक कुमार समेत चार अधिकारियों को इंडियन ऑयल ने दिया प्रशस्ति पत्र

रिपोर्ट: जय भगवान बघेल मथुरा, उत्तर प्रदेश। मथुरा में भूमिगत तेल पाइपलाइनों से तेल चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने और तेल चोरी जैसे संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अब राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की अध्यक्षता में पुलिस एवं विभिन्न तेल कंपनियों के अधिकारियों की जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें पाइपलाइन की सुरक्षा, निगरानी और तेल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख शरद अग्रवाल ने सितंबर 2023 में सामने आए SMPL पाइपलाइन तेल चोरी मामले में मथुरा पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की करीब 19 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की थी। उन्होंने कहा कि मथुरा पुलिस की यह कार्रवाई तेल चोरी के संगठित अपराधों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह कार्रवाई भविष्य में देशभर में पाइपलाइन से तेल चोरी के मामलों में एक मिसाल बन सकती है।

इस सराहनीय कार्रवाई के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी और तत्कालीन थाना प्रभारी फरह एवं वर्तमान जेत प्रभारी निरीक्षक छोटे लाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद से होकर गुजरने वाली हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की भूमिगत पाइपलाइनों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। पाइपलाइन से छेड़छाड़ या तेल चोरी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान पुलिस और तेल कंपनियों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय मजबूत करने, सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने तथा संयुक्त प्रयासों से पाइपलाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। बैठक में विभिन्न तेल कंपनियों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें