कुंडा में अधिवक्ताओं का बड़ा ऐलान, चक्काजाम FIR के विरोध में बुधवार को पूर्ण हड़ताल
अंतिम रिपोर्ट न लगाए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी, सिविल बार एसोसिएशन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता कुंडा । प्रतापगढ़। कुंडा में चक्काजाम के मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर अधिवक्ताओं का विरोध तेज हो गया है। सिविल बार एसोसिएशन कुंडा ने मुकदमे के विरोध में आंदोलन का ऐलान करते हुए बुधवार को संपूर्ण न्यायिक कार्य से विरत रहने और पूर्ण हड़ताल करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित सभा के बाद अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
सभा में अधिवक्ताओं ने चक्काजाम प्रकरण में दर्ज एफआईआर पर नाराजगी जताते हुए इसे लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि मामले में उचित कार्रवाई करते हुए अंतिम रिपोर्ट लगाई जाए।

अंतिम रिपोर्ट नहीं लगी तो होगा उग्र आंदोलन
सिविल बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि बुधवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से पूरी तरह विरत रहेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि संबंधित प्रकरण में अंतिम रिपोर्ट नहीं लगाई जाती है तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। संगठन ने कहा कि मांग पूरी होने तक विरोध जारी रहेगा।
न्यायिक कार्य प्रभावित रहने की संभावना
अधिवक्ताओं की पूर्ण हड़ताल के चलते बुधवार को कुंडा तहसील में न्यायिक कार्य प्रभावित रहने की संभावना है। इस फैसले के बाद अब प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच चल रहे विवाद को लेकर क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
ये अधिवक्ता रहे मौजूद
इस दौरान सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जनार्दन प्रसाद शुक्ल, महामंत्री प्रवीण तिवारी, पूर्व अध्यक्ष हनुमान प्रसाद पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद पांडेय, भूपेंद्र यादव, मयंक कक्कड़, जूनियर उपाध्यक्ष सुधीर कुमार पांडेय, मुनीश मिश्रा, हरेंद्र पांडेय, पवन शुक्ला, वैभव पांडेय, दिनेश तिवारी और रोशन वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।











