प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, चलती ट्रेन में महिला ने दिया बेटे को जन्म
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
अमेठी रेलवे स्टेशन पर मां और नवजात को उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, डॉक्टरों की निगरानी में दोनों स्वस्थ
नई दिल्ली से प्रतापगढ़ आ रही पद्मावत एक्सप्रेस में मंगलवार को उस समय खुशियों की किलकारी गूंज उठी, जब एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में बेटे को जन्म दिया। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर ट्रेन में मौजूद अनजान महिलाओं ने मदद का हाथ बढ़ाया और सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के पूरे छोटी असाई अमावा निवासी निर्मला देवी (25) पत्नी हरिकेश कुमार मंगलवार शाम नई दिल्ली से पद्मावत एक्सप्रेस में सवार होकर प्रतापगढ़ आ रही थीं। उनके पति उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बैठाकर वापस लौट गए थे। यात्रा के दौरान अमेठी पहुंचने से पहले ही उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसके बाद ट्रेन में मौजूद महिलाओं ने उनका सहयोग किया और सामान्य प्रसव कराया।
अमेठी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रेलवे पुलिस ने महिला और नवजात को ट्रेन से उतारकर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया गया।
सीएचसी में तैनात मेडिकल ऑफिसर प्रीति सिंह ने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें 24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नवजात की देखभाल कर रहीं नर्स सिस्टर पूनम मिश्रा ने बताया कि बच्चे का वजन 1 किलो 840 ग्राम है। अस्पताल पहुंचने के समय बच्चे की नाल जुड़ी हुई थी, जिसे स्वास्थ्यकर्मियों ने सुरक्षित तरीके से अलग किया। इसके बाद बच्चे की साफ-सफाई कराकर दूध पिलाया गया और वार्मर में रखा गया। बच्चा सक्रिय है और उसके सभी अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
चलती ट्रेन में अनजान महिलाओं ने इंसानियत और अपनत्व की मिसाल पेश की। वहीं रेलवे पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से मां और नवजात को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।











