बकाया मानदेय को लेकर सफाई कर्मियों का प्रदर्शन: डीएम को सौंपा ज्ञापन, कहा- दीपावली भी बिना वेतन के बीती
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। सामुदायिक शौचालयों पर तैनात सफाई कर्मचारियों ने अपने बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक लिखित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर सतीश कुमार को सौंपा, जिसे जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह को संबोधित किया गया था। यह प्रदर्शन ‘सामुदायिक शौचालय केयर टेकर क्रांतिकारी मोर्चा’ के बैनर तले किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शनि कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें कई महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने बताया कि मानदेय न मिलने के कारण उनके परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में कठिनाई हो रही है। यहां तक कि हाल ही में मनाए गए दीपावली पर्व पर भी उन्हें भुगतान नहीं मिला, जिससे त्योहार की खुशियां फीकी पड़ गईं।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को तेज करेंगे और चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे।












