अस्पताल में ताला तोड़ चोरी का प्रयास, असामाजिक तत्वों की हरकतों से कर्मचारी दहशत में
संवाददाता – प्रताप सिंह
बिहार के जमुई जिला अंतर्गत सिकंदरा प्रखंड के महादेव सिमरिया स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते सोमवार की रात्रि असामाजिक तत्वों द्वारा ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। जब अस्पताल के कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य गेट का ताला टूटा पाया। इससे चोरी की आशंका और अधिक बढ़ गई। हालांकि संयोगवश गेट की ग्रिल अंदर से खिसकी नहीं थी, जिसके कारण चोर अस्पताल परिसर में प्रवेश नहीं कर पाए और उनका प्रयास विफल रह गया। अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना की लिखित सूचना सिकंदरा थाना, स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भेज दी है। स्थानीय कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से अस्पताल परिसर के आसपास और इसके जर्जर पड़े भवन के अंदर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीने और गांजा सेवन करने जैसी गतिविधियाँ होती रहती हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ये लोग आए दिन नशे की हालत में अस्पताल में घुसकर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज भी करते हैं। अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. प्रेम कुमार ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि ऐसी स्थितियाँ लगातार बनी रहीं तो स्टाफ की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी और कर्मचारी मजबूरन अस्पताल आना बंद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय को भेज दी जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन ने प्रशासन से परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।












