सड़क हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, बसों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों से नाराज़ ग्रामीणों ने सोमवार को मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ अपना रोष जताया। हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे में 6 साल की बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों का सब्र टूट गया। हादसे की जिम्मेदार मानी जा रही एजेंट बसों को ग्रामीणों ने कब्जे में लेकर सड़क पर खड़ा कर दिया और घंटों जाम लगाए रखा। ग्रामीणों का आरोप है कि बीते कुछ महीनों में तेज रफ्तार बसों के कारण कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने मांग की कि बसें धीमी रफ्तार में ही चलें और एजेंट बसों का समय निर्धारण भी किया जाए, जिससे हादसों पर रोक लग सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।












