हाथरस में रेलवे ट्रैक पार करते समय बुजुर्ग की मौत
सावंददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस। बागला कॉलेज मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रमनपुर निवासी थान सिंह चौहान के रूप में हुई है। वह बिजली कॉटन मिल से रिटायर्ड कर्मचारी थे। जानकारी के अनुसार, थान सिंह चौहान देर रात गोपेश्वर महादेव मंदिर से पूजा करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बागला कॉलेज रेलवे फाटक पर ट्रैक पार करने की कोशिश की, तभी गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
सूचना पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ ही देर में उनकी पहचान हो गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दे दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवारजन मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए।












