पत्नी की बेवफाई से परेशान युवक ने की आत्महत्या, मरने से पहले बनाए दो वीडियो, तीन लोगों को ठहराया जिम्मेदार
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के एक युवक ने पत्नी की बेवफाई से दुखी होकर मुंबई में आत्महत्या कर ली। उसका शव मलाड इलाके के जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। मरने से पहले युवक ने दो वीडियो बनाकर अपनी मौत की वजह और जिम्मेदार लोगों के नाम उजागर किए। वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के दण्डियाल गांव का रहने वाला आरिफ मुंबई में फर्नीचर का काम करता था। मंगलवार को उसने दो वीडियो रिकॉर्ड किए। पहले वीडियो में उसने कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है और इसकी वजह उसकी पत्नी, उसका प्रेमी और प्रेमी के परिजन हैं। आरिफ ने यह भी कहा कि उसे जबरन तलाक दिलवाया गया और उसकी शिकायतों पर पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया।
दूसरे वीडियो में आरिफ ने साफ शब्दों में तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। उसने बताया कि उसकी पत्नी ने बेवफाई की और अब किसी और के साथ रह रही है। मंगलवार शाम करीब 7 बजे आरिफ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी गई। परिजन तत्काल मुंबई के लिए रवाना हो गए। बताया गया है कि आरिफ ने मंगलवार सुबह अपनी मां से लंबी बातचीत की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें 18 अप्रैल राशिफल: सिंह राशि को मिलेगा नौकरी का सुनहरा मौका, जानें बाकी राशियों का हाल












