निंबरी में 16 दिसंबर को लगेगा विशाल जागरूकता-सह-सेवा शिविर, 37 विभाग देंगे एक छत के नीचे सेवाएं: सीजेएम वर्षा शर्मा
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत जिले के निंबरी स्थित गीता विद्या मंदिर पब्लिक विद्यालय में आगामी 16 दिसंबर को आयोजित होने वाले विशाल जागरूकता-सह-सेवा शिविर की तैयारियां तेज हो गई हैं। शिविर को सफल बनाने के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वर्षा शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विभिन्न विभागों, एनजीओ और ग्राम सरपंचों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीजेएम वर्षा शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे समय पर शिविर स्थल पर पहुंचकर अपने-अपने सूचना एवं सेवा स्टॉल सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित करें। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सीजेएम ने बताया कि इस जागरूकता-सह-सेवा शिविर में जिले के 37 विभाग, विभिन्न संस्थान और कई स्वैच्छिक संगठन अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। शिविर में स्वास्थ्य, परिवहन, आयुष, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, जल संसाधन, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य पालन, अग्नि नियंत्रण, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रेडक्रॉस, नशा-मुक्ति केंद्र, साइबर प्रकोष्ठ और सेवा केंद्र सहित कई गैर-सरकारी संगठनों की सहभागिता रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने स्टॉल पर सरकारी योजनाओं, अनुदान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार और कृषि-उद्यान से संबंधित जानकारी आम जनता को उपलब्ध कराएगा। लीगल शिविर के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण, पंजीकरण प्रक्रियाएं, रोजगार मार्गदर्शन, कृषि व उद्यान से जुड़ी तकनीकी सहायता के साथ-साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। सीजेएम वर्षा शर्मा ने जानकारी दी कि सिविल अस्पताल द्वारा शिविर में सीपीआर प्रशिक्षण, कैंसर, नेत्र रोगों सहित अन्य बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी तथा आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और उनके अधिकारों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है। “हमारी प्राथमिकता है कि लोगों को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार से संबंधित जानकारी बिना किसी परेशानी के प्राप्त हो,” उन्होंने कहा। बैठक में डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सुरेश सैनी, डॉ. ललित वर्मा, जिला संरक्षण अधिकारी रजनी गुप्ता, रेडक्रॉस प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश, फिशरी अधिकारी अनुज कुमारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता, एसडीओ कृषि देवेंद्र कुहाड़, डॉक्टर परवीन कुमार, डीपीओ परमिंदर कौर, सुप्रीडेंट सुरेश लाठर, लेबर इंस्पेक्टर नवीन, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्राम सरपंच उपस्थित रहे।
सीजेएम ने सभी विभागों से समयनिष्ठा और निष्ठापूर्वक सेवाएं प्रदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह शिविर जन-सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पहल साबित होगा।












