रास्ते के विवाद में मारपीट का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
जनपद मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गलालपुर में रास्ते को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने रास्ते को लेकर विवाद करते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ित के अनुसार रास्ते को लेकर पहले भी विवाद होता रहा है, लेकिन इस बार आरोपियों ने सीमा पार करते हुए उसके साथ शारीरिक हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय थाना स्तर पर सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। एसपी कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।












