पिलुआ में सड़क हादसा, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान
एटा जिले के थाना पिलुआ क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कस्बा पिलुआ स्थित जनता इंटर कॉलेज के समीप एक बाइक अनियंत्रित होकर घोड़ा गाड़ी से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे सत्येंद्र पुत्र प्रेमपाल, निवासी गांव बरिगमा, थाना पिलुआ, किसी काम से अलीगढ़ गए हुए थे और वहां से अकेले बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जनता इंटर कॉलेज के पास अचानक सामने आए एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे घोड़ा गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्येंद्र को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।
जिला मेडिकल कॉलेज में सत्येंद्र का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












