हाथरस में ईंट भट्ठे पर हादसा, कच्ची दीवार गिरने से दो महिलाएं गंभीर घायल
संवाददाता – अश्वनी कुमार हाथरस जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव टुकसान के पास स्थित एक ईंट भट्ठे पर कच्ची दीवार गिरने से दो महिलाएं मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव टुकसान के निकट एक ईंट भट्ठे पर महोबा जनपद के मजदूर परिवार काम कर रहे हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। शनिवार को भट्ठे पर काम करने वाली 30 वर्षीय प्रमिला और उनकी देवरानी 25 वर्षीय करिश्मा, जो मूल रूप से महोबा की रहने वाली हैं, अपने रहने के लिए झोपड़ी बना रही थीं। इसी दौरान अचानक एक कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई।

मौके पर मची चीख-पुकार
दीवार गिरते ही दोनों महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर और स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को मलबे से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दोनों महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ये भी पढ़ें तीन दिवसीय पी०एम०एफ०एम०ई० वैनिफिशरी प्रशिक्षण समापन












