दो मौतों के बाद जागा नगर पालिका प्रशासन, एटा में जीटी रोड से हटाया गया अतिक्रमण
संवाददाता: योगेन्द्र सिंह: जनपद एटा में लंबे समय से सोया हुआ नगर पालिका प्रशासन शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हरकत में आ गया।
डाक बगलिया के सामने जीटी रोड पर हुए एक्सीडेंट में दो बाइक सवार युवकों की मौत के बाद शनिवार को नगर पालिका प्रशासन ने
शहर के व्यस्त इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
हादसे के बाद नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए जीटी रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की,
जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों में दुकानों के
सामने किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
सड़क किनारे रखे गए तख्त, ठेले, अस्थायी शेड, बैनर और अन्य अतिक्रमण को बुलडोजर व श्रमिकों की मदद से हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई थीं, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाएं हो रही थीं।
शुक्रवार को हुई दो युवकों की मौत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया।
अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा किया गया,
तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी,
लेकिन प्रशासन द्वारा पहले कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हादसे के बाद की गई इस कार्रवाई को लोग देर से उठाया गया कदम बता रहे हैं,
साथ ही मांग कर रहे हैं कि यह अभियान लगातार जारी रहना चाहिए।
फिलहाल नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि शहर के अन्य व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा
और सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें Zepto कोरियर कार्यालय में कार्यरत राइडरों की पीड़ा, सुविधाओं के अभाव में आक्रोश












