हाथरस: वित्तीय अनियमितता पर ग्राम प्रधान के अधिकार सीज, ₹3.20 लाख की होगी वसूली
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस जनपद के विकास खंड हसायन की ग्राम पंचायत हैथा रघुनाथपुर में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कड़ा कदम उठाया है। डीएम ने ग्राम प्रधान अशोक कुमार अग्निहोत्री के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार सीज कर दिए हैं। जांच में ग्राम पंचायत में कुल ₹3,20,436 की वित्तीय अनियमितता पाई गई है। इस प्रकरण में ग्राम प्रधान अशोक कुमार अग्निहोत्री तथा तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी/सचिव देवेंद्र सिंह को संयुक्त रूप से दोषी ठहराया गया है। जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि आरोपों से अंतिम रूप से मुक्त होने तक ग्राम प्रधान अपने किसी भी प्रशासनिक या वित्तीय अधिकार का प्रयोग नहीं कर सकेंगे।
त्रिसदस्यीय समिति संभालेगी पंचायत का कार्य डीएम के निर्देशानुसार, ग्राम पंचायत के सभी प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार अस्थायी रूप से एक त्रिसदस्यीय समिति को सौंप दिए गए हैं। खंड विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत सदस्यों की बैठक बुलाकर समिति गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के आदेश दिए गए हैं।
धनराशि की वसूली के निर्देश
जांच में पाई गई कुल धनराशि में से आधी राशि ₹1,00,218 ग्राम प्रधान से तथा शेष आधी राशि तत्कालीन सचिव से वसूल की जाएगी। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को सचिव के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शिकायत पर हुई जांच इस मामले की शिकायत ग्राम पंचायत हैथा रघुनाथपुर के निवासी महेश चंद्र, अर्पित कुमार और आशीष कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने की थी। शिकायत के आधार पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा सहायक अभियंता आरईडी को तकनीकी अधिकारी नामित कर जांच कराई गई, जिसमें वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का संदेश गया है।












