इंस्टाग्राम DM से मंदिर के सात फेरे तक: दो साल की दोस्ती बनी इश्क़
सुपौल (बिहार)
सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती ने जब प्यार का रूप लिया, तो उसने समाज की पारंपरिक सोच को भी चुनौती दे दी।
बिहार के सुपौल जिले में इंस्टाग्राम के DM से शुरू हुई पूजा गुप्ता और काजल कुमारी की कहानी आखिरकार
सात फेरों तक जा पहुँची।
जानकारी के अनुसार, करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर दोनों की पहचान हुई थी। शुरुआत में चैटिंग,
फिर फोन कॉल और लंबी बातचीत का सिलसिला चलता रहा। समय के साथ दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
आपसी समझ, भरोसे और सहमति के बाद दोनों ने साथ जीने और जीवनसाथी बनने का निर्णय लिया।
देर रात, बिना किसी शोर-शराबे के, दोनों त्रिवेणीगंज मेलाग्राउंड स्थित एक मंदिर पहुँचीं और सादे अंदाज़ में विवाह रचाया।
इस अनोखी शादी में काजल कुमारी दुल्हन की भूमिका में रहीं, जबकि पूजा गुप्ता ने दूल्हे की भूमिका निभाई।
खास बात यह रही कि शादी की रस्में गैस चूल्हे के चारों ओर सात फेरे लेकर पूरी की गईं।
पूरी शादी बेहद सादगी से और सीमित लोगों की मौजूदगी में संपन्न हुई। यह अनोखी प्रेम कहानी अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहाँ सोशल मीडिया की दोस्ती ने प्यार का रूप लेकर सात जन्मों के बंधन का दावा किया है।
ये भी पढ़ें बांग्लादेश में दीपू दास की हत्या के विरोध में बस्ती की सड़कों पर उतरे लोग












