एटा में विश्व भारती पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती व सुशासन दिवस भव्य रूप से मनाया गया
संवाददाता: अमित चौहान
एटा। दिनांक 25 दिसंबर 2025 को विश्व भारती पब्लिक जूनियर हाई स्कूल, किदवई नगर, एटा में देश के महान राष्ट्रनायक, कवि, पत्रकार एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। यह दिवस पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. विकास सक्सेना द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, सुशासन, लोकतंत्र और मानवीय मूल्यों को समर्पित रहा है। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विद्यालय की छात्राओं द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी जी के आकर्षक एवं भावपूर्ण चित्र बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से अटल जी के व्यक्तित्व और विचारों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थितजनों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे रहे, जो सांता क्लॉज और मैरी के रूप में सजकर विद्यालय पहुँचे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और आनंद से भर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता वार्ष्णेय ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर ईमानदारी, अनुशासन और सुशासन को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में पूजा चौहान, मानसी सक्सेना, हिरदेश कुमार, अमरीन, सना, प्रियंका सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, सुशासन और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ किया गया।
ये भी पढ़ें एटा में नवनियुक्त बीजेपी जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता का भव्य सम्मान समारोह












